पूर्व प्रधान के पुत्र ने लाइसेंसी रिवाल्वर से सिर में गोली मार ली। परिजन उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। घटना की वजहा प्रधानी के चुनाव को लेकर पिता-पुत्र में हुई कहासुनी बताई जाती है।
लूमामऊ निवासी पूर्व प्रधान रामेश्वर सिंह का पुत्र पंकज सिंह (35) गुरुवार को किसी काम से संडीला आया था। शाम को गांव जाते समय रास्ते में वह पालेसर मशीन के पास आयोजित नववर्ष समारोह में काफी देर तक रुका। पूर्व प्रधान रामेश्वर सिंह ने बेटे को बुलाने के लिए कुछ लोगों को भेजा, लेकिन उसने आने से मना कर दिया। रात करीब नौ बजे पूर्व प्रधान कार लेकर समारोह में पहुंचे।
लौटते समय रास्ते में प्रधानी के चुनाव को लेकर पिता-पुत्र में कहासुनी हो गई। आक्रोशित पंकज ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर सिर में गोली मार ली। लहुलुहान बेटे को लेकर पूर्व प्रधान तत्काल सीएचसी पहुंचे। यहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।