हरदोई। बोर्ड परीक्षा में बुधवार को कोई भी नकलची नहीं मिला। इंटर के अर्थ शास्त्र से 2116 विद्यार्थियों ने किनारा कर लिया। जिले के 280 परीक्षा केंद्रों पर माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं चल रही है।
बुधवार को प्रथम पाली में हाई स्कूल की संगीत विषय की परीक्षा में 102 के सापेक्ष 97 विद्यार्थी उपस्थित हुए। वहीं, इंटर अर्थशास्त्र द्वितीय विषय की परीक्षा में 9523 में 7469 विद्यार्थी उपस्थित हुए। 2116 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। वहीं वाणिज्य भूगोल में 54 में 28 ने उपस्थित दर्ज कराई। द्वितीय पाली में भौतिक विज्ञान की परीक्षा संपन्न हुई। डीआईओएस योगेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षाएं शांति पूर्वक चल रही है।
क्षेत्र में विद्यार्थियों को कराई जा रही नकल
कछौना/बेंहदर। क्षेत्र में हाई स्कूल व इंटर की परीक्षाओं में नकल माफियाओं के आगे प्रशासन बौना साबित हो रहा है। विद्यालयों में छात्रों से नकल के नाम पर जमकर धन उगाही की जा रही है। छात्रोें की मानें तो विद्यालय में पांच हजार से लेकर दस हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। वहीं, बुधवार को बीएसए डा. बृजेश मिश्र ने दलबल के साथ क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों को निरीक्षण किया। गौसगंज के कई विद्यालयों में छात्रोें से जबर्दस्ती धन उगाही की जा रही है। जिन छात्रों ने पैसा देने से मना किया उनके साथ जबरदस्ती की जा रही है।
लेखपालों की न लगाएं ड्यूटी
हरदोई। लेखपालों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से बोर्ड परीक्षा के निरीक्षण से मुक्त रखने के लिए मुलाकात की थी। इस पर डीएम रमेश मिश्र ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण स्वयं करें अथवा तहसील या ब्लाक स्तरीय अधिकारियों से कराएं। लेखपालों को बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी से मुक्त रखा जाए।