हरदोई। शासन की तरफ से कोई सकारात्मक कदम न उठाए जाने के बाद लोक निर्माण विभाग परिसर में चल रहा जूनियर इंजीनियरों का कार्य बहिष्कार सातवें दिन धरना प्रदर्शन में तब्दील हो गया। प्रदर्शनकारियों ने 25 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
जनपदीय अध्यक्ष शिवगोपाल सिंह ने कहा कि सभी जूनियर इंजीनियरों ने माप पुस्तिका जमा कर दी है। जनपद में कार्य बहिष्कार चल रहा है। कोई सकारात्मक पहल न होने से 25 फरवरी से जूनियर इंजीनियर अनिश्चित हड़ताल पर चले जाएंगे। चेयरमैन संघर्ष समिति सुरेंद्र कुमार राठौर ने बताया कि 25 फरवरी को विकास भवन परिसर पर एकत्रित होकर हड़ताल पर रहेंगे।
जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि किसी भी जूनियर इंजीनियर की ड्यूटी चुनाव आदि में न लगाई जाए। मार्शल टीम प्रमुख इंजीनियर सुरेंद्र कुमार पाल ने कहा कि प्रारंभिक वेतनमान 4800 रुपये एवं क्रमश 7,14 व 20 वर्ष की सेवा तीन प्रोन्नत वेतनमान की मांग, मान सम्मान की लड़ाई है। इस मौके पर संजय दत्त, अनिल कुमार, किरन कुमार, विक्रय सिंह, अशोक कुमार गिरि, आदि मौजूद रहे।