हरदोई। इस साल मई में ही दो बड़े हादसे जिले में हो गए। इन हादसों ने दिल दहला दिया। बीती 15 मई को कासिमपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ओवरलोड ऑटो पलट गया था।
घटना के दिन ऑटो सवार मां-बेटा समेत सात लोगों की मौत हुई थी, जबकि अगले दिन उपचार के दौरान लखनऊ में एक ने दम तोड़ दिया था। उस घटना के 16वें दिन फिर से जिले में बड़ा हादसा हो गया। इस बार भी हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि छह लोग घायल हैं। सभी घायलों की हालत भी गंभीर बनी हुई है। जनपद में इस साल के शुरूआती 120 दिन यानी जनवरी से अप्रैल तक 403 सड़क हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में 216 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा मई में भी अलग-अलग हादसों में 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी र्है।
जनपद में हुए कुछ बड़े सड़क हादसों पर एक नजर
-12 जून 2024 को मल्लावां में बालू लदा ट्रक सड़क किनारे झोपड़ी पर पलट गया था। इस घटना में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में जान गंवाने वालों में तीन बच्चियां भी थीं। मंजर देखकर हर किसी की आंखों में आंसू आ गए थे।
-29 जुलाई 2024 को सीएनजी ऑटो और कार की टक्कर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में हुई थी। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी। मौके पर ही एक की मौत हुई थी, जबकि दो की उपचार के दौरान जान चली गई थी।
-छह नवंबर 2024 को बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में रोशनपुर के पास डीसीएम की चपेट में आकर सीएनजी ऑटो पलट गया था। घटना में ऑटो सवार 11 लोगाें की मौत हो गई थी। इस घटना में भी कई मासूम बच्चों की जान गई थी।
-25 नवंबर 2024 को मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में बरातियों से भरी बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। घटना में बोलेरो सवार देवरानी जेठानी समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। यह सभी लोग बिल्हौर से बरात में शामिल होकर वापस आ रहे थे।
-15 मई 2025 कासिमपुर थाना क्षेत्र में डंपर ने ओवरलोड ऑटो को टक्कर मार दी थी। घटना में ऑटो सवार आठ लोगों की मौत हो गई थी। इनमें पति पत्नी और उसका एक पुत्र भी शामिल था।
एक नजर पिछले कुछ वर्ष में हुए सड़क हादसों और मौतों पर
माह 2022 दुर्घटनाएं/ मौतें 2023 दुर्घटनाएं/ मौतें 2024 दुर्घटनाएं/ मौतें 2025दुर्घटनाएं/ मौतें
जनवरी 50/21 57/29 56/32 97/39
फरवरी 51/28 79/55 53/35 94/58
मार्च 84/39 98/60 115/56 109/62
अप्रैल 85/46 93/59 87/50 103/57
-