हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सान्या छाबड़ा ने अहिरोरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत कसमंडी के मजरा समरेहटा में आयोजित ग्रामीण चौपाल के दौरान जल निगम के अवर अभियंता और पशुधन प्रसार अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दोनों अधिकारियों के गैरहाजिरी अवधि के वेतन भुगतान पर तत्काल रोक लगाने तथा उनके विरुद्ध आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
चौपाल में सीडीओ ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और विद्यार्थियों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान पेंशन, परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती, शिक्षण व्यवस्था, मिड-डे-मील (एमडीएम), निशुल्क पुस्तक वितरण और डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के तहत भेजी जा रही धनराशि की जानकारी भी ली गई। उन्होंने कोटेदार को आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। शिविर में विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया गया, गोद भराई कार्यक्रम संपन्न हुआ, 36 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और पांच जरूरतमंदों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाए गए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख धर्मवीर सिंह पन्ने, बीडीओ कामरान, एमओआईसी डॉ. राजीव रंजन, डिप्टी सीवीओ डॉ. एके सक्सेना सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।