विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष व बसपा के राष्ट्रीय
महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर करारे कटाक्ष
करते हुए कहा कि अच्छे दिन का दावा कर सरकार बनाने वालों ने जनता को गुमराह
किया है। आज महंगाई चरम पर है और कानून व्यवस्था ध्वस्त है। जनता अपने
फैसले पर खुद पछता रही है।
कहा कि शाहजहांपुर के पत्रकार जोगेंद्र की
हत्या का मामला विधान परिषद में उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग की जाएगी।
नसीमुद्दीन मंगलवार को बुद्ध विहार में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल
रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद
किसान जब फांसी लगाने को विवश थे, तब हमारे प्रधानमंत्री विदेशी दौरों में
मस्त थे।
उन्होंने किसानों के प्रति यदि हमदर्दी दिखाई होती तो उनकी पीड़ा
को सुन मदद करते। उन्होंने प्रधानमंत्री पर हवाई वादे करने का आरोप लगाते
हुए कहा कि जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। जनता को ध्यान भटकाने को मोदी कभी
गंगा सफाई, कभी स्वच्छ भारत अभियान तो कभी योग का सहारा ले रहे।
उन्होंने
प्रदेश सरकार पर भी करारे कटाक्ष किए और कहा कि मुआवजे के नाम सौ-पचास
रुपये दिखाकर किसान का मजाक बनाया जा रहा है। इससे पहले बसपा के राष्ट्रीय
महासचिव इंद्रजीत सरोज, डा. रामकुमार कुरील और मीना कुमारी आदि ने भी
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।
इस मौके पर कोआर्डिनेटर इंतजार अली
आबिदी, जितेंद्र वर्मा, रामपाल वर्मा, जिलाध्यक्ष ओपी गौतम, हाफिज अब्दुल
अहद, मोहम्मद अकील, शमीम सिद्दीकी, बृजेश वर्मा, अमर पाल, सूर्यकांत
निराला, राजाबक्श सिंह व मुकुंद पाल आदि मौजूद थे।