हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण आज करेंगे। लोकार्पण के मौके पर मल्लावां कट के पास श्यामपुर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। तकरीबन दो लाख लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी श्यामपुर में मौजूद रहकर बनेंगे। इसके अलावा 11 जनपदों में आयोजन का लाइव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था भी की गई है। 594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का 99 किलोमीटर हिस्सा हरदोई जनपद से निकला है। प्रदेश के 12 जनपदों से निकले इस एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच का सफर महज छह घंटे में पूरा होने का दावा किया जा रहा है।
लोकार्पण समारोह में शामिल होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11:20 बजे एक्सप्रेसवे पर बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। समारोह में उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव मौर्या, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और पंकज चौधर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी खास तौर पर मौजूद रहेंगेे। इसके अलावा सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के साथ ही राज्यमंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, नरेंद्र कश्यप, जसवंत सैनी आदि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। जनसभा में हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, शाहजहांपुर की जनता शामिल होगी। जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन के साथ ही संगठन स्तर पर भाजपा की तरफ से भी तैयारियां की गई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री की जनसभा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी के अलावा तकरीबन पांच हजार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई है। पुलिस अधीक्षक स्तर के आठ, अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के 17, सीओ स्तर के 51 अधिकारियों को तैनात किया गया है। 118 निरीक्षक और 696 उपनिरीक्षक भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी आयोजन स्थल पर है।
इन जनपदों से निकला है एक्सप्रेसवे
. मेरठ
. हापुड़
. बुलंदशहर
. अमरोहा
. संभल
. बदायूं
. शाहजहांपुर
. हरदोई
. उन्नाव
. रायबरेली
. प्रतापगढ़
. प्रयागराज