आरआरसी में दो दरवाजे न लगे हाेने व भुगतान के सवालों पर तैश में आया
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई/शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के परियल गांव में बाढ़ राहत की तैयारियों का जायजा लेने गए एसडीएम पर हमले की मुख्य वजह ग्रामीणों के सामने प्रधान पुत्र से पूछताछ रही। दरअसल बाढ़ राहत के सिलसिले में गांव पहुंचे एसडीएम र्अन्नपूर्णा भवन और आरआरसी देखने लगे। इस दौरान आरआरसी में दो दरवाजे न लगे हाेने के बारे में पूछने पर प्रधान पुत्र आक्रामक हो गया। इस पर एसडीएम ने उसे अपने पास बैठा लिया। यह बात उसे नागवार गुजरी।
विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि आरआरसी के दरवाजे न लगे होने और अन्न पूर्णा भवन का शटर न खुलने पर एसडीएम ने इसकी फोटो खींच ली। दोनों फोटो बीडीओ शाहाबाद को भेज दीं। बीडीओ शाहाबाद ने बताया कि आरआरसी ग्राम पंचायत को हैंडओवर हो गया है और इसका पूरा भुगतान हो चुका है। अन्नपूर्णा भवन हैंडओवर न होने की जानकारी भी बीडीओ ने दी। इस पर एसडीएम ने भुगतान पूरा होने और गेट न लगे होने पर नाराजगी जताई तो उदयवीर का मूड बिगड़ गया।
प्रधान के पति हैं भाजपा के जिला पंचायत सदस्य
परियल की प्रधान शिवरानी हैं। उनके पति लालाराम राजपूत जिला पंचायत के सदस्य हैं। लालाराम राजपूत पूर्व में बसपा और सपा में रहने के बाद इन दिनों भाजपा में सक्रिय हैं। लालाराम लगातार तीसरी बार जिला पंचायत सदस्य हैं। उनका पक्ष जानने के लिए उन्हें कॉल की गई लेकिन उनके व परिजन के मोबाइल स्विच ऑफ मिले।
गेट न लगे होने और भुगतान पूरा होने के सवाल पर बिगड़ा प्रधान पुत्र का मूड