फोटो 21: गांधी भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देते प्रतिभागी। संवाद
हरदोई। नृत्य और सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने हुनर का जलवा बिखेरा। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों पर गांधी सभागार झूम उठा। दर्शकों ने तालियों से प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। गांधी और शास्त्री जी की जयंती पर महात्मा गांधी जनकल्याण समिति की तरफ आयोजित समारोह के पांचवें दिन सोमवार को प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने निर्णायकों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया। मुख्य अतिथि परियोजना निदेशक अशोक मौर्य और नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
नृत्य प्रतियोगिता में श्रीडाल सिंह मेमोरियल, सनबीम पब्लिक स्कूल, जीजीआईसी, श्रीवेणी माधव, गंगा देवी और स्प्रिंगडेल स्कूल सहित कुल 18 स्कूलों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता को जूनियर, सीनियर और सुपर सीनियर वर्ग में कराया गया।
एकल नृत्य प्रतियोगिता में निकहत, अनिका सिंह, गोपी, रुपेश, दिव्यांशी, दुर्गा मिश्रा सहित कुल 19 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। समूह नृत्य में विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों की टीमों ने सामूहिक प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति और लोक कला के विविध रंग प्रस्तुत किए। विनय शुक्ला और गौरव शुक्ला ने निर्णायक की भूमिका निभाई। सर्वोदय आश्रम की उर्मिला श्रीवास्तव और विजय मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत और समारोह की रूपरेखा रखी। इस मौके पर जगिंदर सिंह गांधी, करुणा शंकर, मनीष मिश्रा, नवल किशोर, देवेंद्र विक्रम सिंह, डॉ. सौरभ दयाल, अलोकिता, शुभम सिंह, अनीता मिश्रा, कंचन वाजपेयी आदि मौजूद रहीं।