राज्य कर्मियों की प्रोन्नति और पेंशन समेत कई मांगों को लेकर शनिवार को प्रेक्षागृह में एक बैठक का आयोजन हुआ। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश (एसपी तिवारी) गुट की बैठक में कर्मियों को छठे वेतन आयोग का लाभ दिलाने की मांग उठाई गई।
प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने मांगों को लेकर आंदोलन करने की बात कहते हुए जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का निर्वाचन कराया। परिषद की बैठक में कर्मियों की मांगों पर ज्यादा जोर दिया गया। प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि कर्मचारी नेताओं ने एसीपी में प्रोन्नत व्यवस्था, पुरानी पेंशन बहाल करने तथा एलटीसी को देने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
हालांकि, इसको लेकर कई बार आंदोलन भी किया गया, पर कर्मियों को लाभ देने के प्रति सरकार पूरी तरह से उदासीन है। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मियाें को भी स्थायी नहीं किया जा रहा है। साथ ही निगमों के कर्मचारियों को भी छठा वेतन आयोग का लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने उक्त मांगो को दोहराते हुए कहा कि यदि मांगे पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा। कर्मचारी शिक्षक कल्याण एसोसिएशन प्रांतीय अध्यक्ष बलराम बाजपेयी व राज्य कर्मचारी सेवा परिषद प्रांतीय अध्यक्ष रजनीकांत त्रिवेदी ने भी कर्मियों की मांगों पर विचार रखे।
बैठक में संगठन की जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष ग्राम पंचायत अधिकारी लाल बिहारी, उपाध्यक्ष संजीव यादव व कृषि विभाग से एलके बाजपेयी, जिलामंत्री रवि श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष दिनेश पाल, संप्रेक्षक उपदेश सिंह, संगठन मंत्री रत्नेश सिंह को निर्वाचित किया गया।
बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष हरिशरण मिश्र, प्रांतीय संयुक्त मंत्री आरके वर्मा, प्रांतीय प्रचार मंत्री अरविंद वर्मा, प्रांतीय कार्यालय मंत्री संजीव यादव ने मौजूद लोगों को संबोधित किया।