संडीला। संडीला कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर सड़क पार कर रही बच्ची को कार ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन सीएचसी संडीला ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोड़रा लूमामऊ निवासी अरविंद, संडीला औद्योगिक क्षेत्र में किराए के कमरे में रहता है। औद्योगिक क्षेत्र में ही एक आटा फैक्ट्री में ही अरविंद काम करता है।
शुक्रवार को पत्नी पम्मी को बच्चों के साथ उसके मायके अतरौली थाना क्षेत्र के घाटमपुर जाने के लिए बस पर बैठाने को अरविंद निकला था। हरदोई-लखनऊ मार्ग पार करते समय पम्मी की पुत्री लाली (7) को हरदोई की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल लाली को लेकर परिजन संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। लाली कक्षा एक की छात्रा थी। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।