अबकी शायद पहला चुनाव होगा, जिसमें अव्यवस्थाओं का
ऐसा बोलबाला है कि अफसर खुद ही ऊहापोह की स्थिति में नजर आ रहे हैं।
हालांकि, देर शाम प्रथम चरण के नामांकन की तैयारियां पूरी करने का दावा कर
दिया गया। फिलहाल कहना गलत न होगा कि अव्यवस्थाओं के बीच 28 सितंबर से
हरपालपुर, सांडी, माधौगंज, मल्लावां एवं बिलग्राम ब्लाक पर क्षेत्र पंचायत
सदस्य एवं कलक्ट्रेट स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में जिला पंचायत सदस्य के
लिए नामांकन कराया जा सकेगा।
विकास खंड कार्यालयों पर जहां क्षेत्र
पंचायत सदस्यों के लिए नामांकन कराया जाएगा, वहीं इन ब्लाकों के जिला
पंचायत सदस्यों के लिए कलक्ट्रेट स्थित नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय को तैयार
किया गया है। रिटर्निंग आफीसर यहां सीडीओ विजय गुप्ता को बनाया गया है।
इधर, तैयारियों के मद्देनजर दिनभर ब्लाकों में नामांकन सामग्री को भेजने का
क्रम जारी रहा और वहां भी बैरीकेडिंग आदि कराने का कार्य पूर्ण करने का
दावा देर शाम अफसरों द्वारा किया गया। प्रथम चरण का नामांकन 28 एवं 29
सितंबर को सुबह आठ बजे से होना है और शाम चार बजे तक होगा।
हैरानी की बात
यह है कि एक ओर कुछ घंटे बाद ही नामांकन की प्रक्रिया पूरी होनी हैं तो
दूसरी तरफ देर शाम तक आरओ व एआरओ को बदलने की कार्रवाई होती रही। सांडी
के रिटर्निंग आफीसर एक्सईएन पीडब्ल्यूडी नरेंद्र सिंह को हटाकर नलकूप के
एक्सईएन अरविंद पांडे को रिटर्निंग आफीसर बना दिया गया।
उधर, प्रथम चरण के
सोमवार से शुरू हो रहे नामांकन के लिए कलक्ट्रेट परिसर और ब्लाक मुख्यालयों
पर सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त कर दिया गया है। नामांकन के लिए
प्रत्याशी के साथ प्रस्ताव को ही प्रवेश मिल सकेगा। कलक्ट्रेट के दोनों गेट
पर बैरीकेडिंग की गई है। सोल्जर बोर्ड चौराहे की ओर गेट से प्रत्याशी
प्रवेश करेंगे।
उनको वाहन ले जाने की इजाजत नहीं हो गई। गेट के अंदर प्रवेश
करने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कार्यालय के पास बैरिकेडिंग पर
रुकना होगा। वहां से सिर्फ प्रत्याशी और प्रस्तावक ही अंदर जा सकेंगे।
कलक्ट्रेट के दूसरे गेट से जिलाधिकारी के आगमन के बाद गेट बंद कर दिया
जाएगा और यहां से किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
डीएम कार्यालय के
पोर्टिको के पास भी बैरीकेडिंग की गई है। डीएम कार्यालय के पास ही वकीलों
के तख्त के पास भी बैरीकेडिंग की गई है। इसके अलावा विकास भवन के मोड़ पर
और एनआईसी कार्यालय के पास भी बैरीकेडिंग रहेगी। कलक्ट्रेट में आठ स्थानों
पर पुलिस बल तैनात रहेगा। मुख्य गेट पर शहर पुलिस तैनात रहेगी।
उधर, प्रथम
चरण में जिन ब्लाकों पर चुनाव के लिए नामांकन होने हैं, वहां पर भी
त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। नामांकन कक्ष से दो मीटर दूरी पर
पार्किंग की जाएगी। इसके सौ मीटर की दूरी में बैरीकेडिंग होगी। बैरियर पर
संबंधित थाना प्रभारी स्वयं मौजूद रहेंगे। नामांकन के दौरान कोई भी जुलूस,
असलहे आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इस बाबत एसपी उमेश सिंह की ओर से
सभी एसओ को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।