बिलग्राम (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के जरौलीशेरपुर स्थित एक खेत में लगी आग ने आस पास के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना से गांव में चीखपुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे तहसील कर्मियों ने मौके पर आकर जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 30 किसानों की करीब 84 बीघा गेहूं की फसल जली है। इसमें करीब 3.70 लाख का नुकसान हुआ है।
शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे जरौलीशेरपुर के पूर्वी भाग में स्थित एक खेत में अचानक आग की लपटें उठतीं देख चीख पुकार मच गई। जुमा होने के कारण उस समय ज्यादातर लोग मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ने गए थे। आग की सूचना मिलते ही मस्जिदों से भीड़ निकलकर खेतों की तरफ दौड़ पड़ी। सूचना पर दमकल कर्मी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गए और किसी तरह करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस दौरान कई किसान अपने जलते हुए खेतों को देख कर बिलख पडे़। मौके पर दरोगा यशपाल सिंह फोर्स के साथ व क्षेत्रीय लेखपाल हरिओम पहुंचे। लेखपाल ने आग से हुई क्षति का आकलन किया। उन्होंने बताया कि आग में 3.863 हेक्टेयर फसल जली है जिसमें करीब 3.70 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इसमें प्रभावित हुए किसानों में रघुवीर पुत्र छोटे लाल गांव नूरपुर हथौड़ा, नूर मोहम्मद, दोस्त मोहम्मद, वकील पुत्रगण मासूक, शरीफ पुत्र सलीम, निसार पुत्र सूवेदार, अब्दुल हादी पुत्र सूवेदार, अबरार व अजमत पुत्रगण नसरुल्ला,मुख्तार पुत्र गुलशेर, मासूमन पत्नी अली मोहम्मद, हासमा पत्नी अनीस, इस्लाम पुत्र आतिफ, जमील अहमद पुत्र यासीन, मोहम्मद वारिस पुत्र वहीद, इरशाद, दिलशाद पुत्रगण निशाद, नईम पुत्र दिलदार, मोहम्मद रजा पुत्र अलीजान, अनीस पुत्र सज्जाद, जुबैर पुत्र अलीशेर रईस, इदरीश, शमीम पुत्रगण दीना, रहीस, जुबैर पुत्र सरताज सर्व निवासी ग्राम जरौलीशेरपुर जागेश्वर पुत्र गंगाराम, कनौजीलाल पुत्र रामभजन ग्राम चकपुरवा, गजराज व शिवराज निवासी ग्राम निजामपुर कुल तीस किसानों को गेहूं की फसल जलने से नुकसान होने की जानकारी लेखपाल ने आकलन कर दी है।