शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के मलिकापुर में सोमवार आधीरात के बाद एक मकान में डकैती पड़ गई। नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर 30 हजार रुपये और 12 लाख कीमत के जेवर लूट लिए। घटना का पता चलने पर मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के नेतृत्व में खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों के साथ ही सर्विलांस टीम और एसओजी को भी लगाया गया।
मलिकापुर निवासी अनीस कपड़ों की सिलाई का काम करते हैं। उन्होंने ने बताया कि सोमवार रात मकान के बरामदे में वह पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ सोए थे। रात लगभग ढाई बजे भाई रईस के पड़ोस में ही निर्माणाधीन मकान के रास्ते दीवार फांदकर पांच नकाबपोश बदमाश घर में आ गए। तमंचों और धारदार हथियारों के दम पर बदमाशों ने इन सभी को एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। यहां अनीस से पूरे घर की चाबियां लेने के बाद उसके दोनों हाथ पीछे करके बांध दिए।
दावा है कि घर में रखे 30 हजार रुपये, तीन तोले वजन की सोने की तीन जोड़ी झुमकी, डेढ़ तोले का एक झूमर, चार अंगूठी, एक पैंडल, एक गले का हार, दो टीके, चांदी की दो जोड़ी पायल लूट ली। लूटे गए सोने के जेवरों का वजन लगभग आठ तोला बताया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश घर वालों को कमरे में बंदकर भाग निकले। मंगलवार सुबह लगभग चार बजे अनीस ने घटना की जानकारी यूपी 112 को दी। इसकी जानकारी मिलते ही सनसनी फैल गई।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। अनीस और उसके परिजनों से घटना को लेकर बातचीत की। एसपी ने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा भी कर दिया जाएगा।
दीवार फांदकर घुसे और मेन गेट से बाहर निकले बदमाश
अनीस के भाई रईस को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिला है। यह आवास अनीस के मकान के पड़ोस में ही बन रहा है। मकान अभी अधूरा है। इसी के सहारे अनीस के मकान की दीवार फांदकर बदमाश अंदर घुसे। अंदर घुसने के लिए बदमाशों ने लकड़ी के एक ऊंचे स्टूल का इस्तेमाल किया। मौके पर यह स्टूल रखा मिला। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश आराम से मुख्य गेट को खोलकर बाहर निकल गए।
बेटी के निकाह के लिए खरीदे थे जेवर
अनीस के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी अनम, उससे छोटी शमन और पुत्र का नाम रफत है। अनीस ने बताया कि अनम का निकाह तय कर चुके हैं। ईद के बाद निकाह करने की तैयारी है। इसके लिए जेवर खरीदकर रखे गए थे। इन्हीं जेवरों को लुटेरे लूट ले गए। घटना से डरे हुए अनीस बेटी के निकाह की चिंता में भी नजर आए।