हरदोई। लोक निर्माण विभाग के खंड दो के अधिशासी अभियंता की कार से कन्नौज जनपद में दो लाख रुपये बरामद होने को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है।
अधिशासी अभियंता डीएम की अनुमति के बिना ही जिला मुख्यालय छोड़कर घर जा रहे थे। बिना अनुमति लिए मुख्यालय छोड़ने को लेकर डीएम ने भी सख्त नाराजगी जताई है।
लोक निर्माण विभाग के खंड दो के अधिशासी अभियंता ब्रजेश दीपक हैं। खंड दो का मुख्यालय बिलग्राम में है। शनिवार रात वह अपनी कार से गाजियाबाद स्थित घर जाने के लिए निकले थे। कन्नौज जनपद में मेहंदीघाट पर उड़नदस्ते ने उनकी कार की जांच की। कार में तकरीबन दो लाख रुपये बरामद हुए।
इसके बारे में जब ब्रजेश दीपक से पूछताछ की गई तो वह कोई जानकारी नहीं दे पाए। कन्नौज के अधिकारियों का कहना था कि अगर किसी अकाउंट से रुपये निकाले हैं तो उसका ब्योरा उपलब्ध करा दें, लेकिन अधिशासी अभियंता कोई साक्ष्य तत्काल नहीं दे पाए। फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई भी कन्नौज से ही होनी है।
इससे इतर बीते दिनों डीएम एमपी सिंह ने निर्देश दिए थे कि कोई भी अधिकारी बिना उनकी अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। इसकी वजह निर्वाचन संबंधी कार्य और आचार संहिता भी बताई गई थी।
डीएम एमपी सिंह ने बताया कि अधिशासी अभियंता ने जनपद छोड़ने की अनुमति नहीं ली थी। यह अनुशासनहीनता है और इस मामले में सख्त कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।