हरदोई। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने रविवार को कहा कि राजनीति में अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर गया। जनता काम करने वाले का साथ देती है। मैं काम करने में विश्वास रखता हूं। नगर पालिका के कार्यों को लेकर आरोप लगाने वाले को नगर पालिका अध्यक्ष ने जवाब दे दिया है।
आबकारी मंत्री ने श्रीशचंद्र विवाह घर में नगर पालिका की ओर से शहर के 1,250 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। संबोधन और मीडिया से बातचीत में सदर सांसद का नाम लिए बिना ही कहा कि जनता सब जानती है। कौन काम करा रहा है और कौन सिर्फ आरोप लगा रहा है। सदर सांसद की तरफ से नगर पालिका के कार्यों पर अंगुली उठाने के सवाल पर भी बिना नाम लिए कहा कि राजनीति में अब आरोप-प्रत्यारोप का समय गया। जो काम करें, जनता खुद उस काम को देखेगी। रही बात आरोपों की तो, उसका जवाब पालिकाध्यक्ष ने दे दिया है।
कहा कि मैं और पूरा परिवार हरदोई की जनता के साथ सदैव रहा है और रहेगा। शहर को ही नहीं, जिले के विकास के लिए भी सदैव प्रयासरत रहता हूं। उन्होंने कहा कि जो सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर और माघ मेला का विरोध करते थे अब वही आस्था का ज्ञान दे रहे हैं। कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर शीतलहर से बचाव के लिए जरूरतमंदों को कंबल दिए जा रहे हैं। नगर पालिकाध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर ने कहा कि शहर के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
जनता के हित और सुविधा व सहूलियत के कामों को वरीयता पर कराया जा रहा है। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह, सभासद विद्यावती, संदीप राजवंशी, अमित त्रिवेदी रानू, अजय शर्मा, धर्मरूचि सिंह, जमील अहमद, रोहित कश्यप, सुधीर गुप्ता, संदीप, सभासद प्रतिनिधि प्रियम मिश्रा, अंबुज वर्मा, रामनारायण कुशवाहा, प्रभाकर अग्निहोत्री, पुनीत मिश्रा, सोनू मिश्रा, विद्याभूषण, कमल मिश्र, अमित सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन मनीष मिश्रा ने किया।