फोटो-01- रोडवेज बस स्टेशन। संवाद
- दिल्ली के लिए बसों का आज से शुरू हो गया संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। दिवाली पर दिल्ली रूट पर 145 बसों का आवंटन किया गया है। इनमें 30 अतिरिक्त बसें हरदोई डिपो को मिली हैं। पहले से चल रहीं 40 बसों के साथ अतिरिक्त बसें मिलने से काफी राहत मिलेगी।
हरदोई डिपो में 205 रोडवेज बसें संचालित हैं, इनमें 32 अनुबंधित बसें शामिल हैं। दिल्ली मार्ग पर रोडवेज बसों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए निगम की ओर से रोजाना 40 बसें नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा जिले से लखनऊ, कानपुर, सीतापुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर के अलावा अन्य मार्गों पर भी 20 से 30 रोडवेज बसें रोजाना नियमित रूप से संचालित हो रही हैं।
बता दें, कि जिले के काफी संख्या में लोग दिल्ली में रहकर नौकरी, व्यवसाय, मजदूरी और पढ़ाई करते हैं। दीपावली पर सभी अपने घर आते हैं। ऐसे में दिल्ली से आने वाली बसों पर अतिरिक्त लोड बढ़ता है और भीड़ बढ़ जाती है। इसके अलावा दिवाली के बाद भैयादूज पर भी लोग जाते हैं।
ऐसे में भीड़ के मद्देनजर परिवहन विभाग ने दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन 18 अक्तूबर से कर दिया है। क्षेत्रीय प्रबंधक सेवा रमेश कुमार ने बताया कि हरदोई परिक्षेत्र को 145 बसें मिली हैं। इनमें से 30 अतिरिक्त बसें हरदोई डिपो में चलेंगी। इससे अब 70 बसों से यात्रियों को राहत मिलेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि दिल्ली के लिए परिक्षेत्र में 145 बसें आवंटित हुई हैं। इनमें हरदोई की 30 बसों के अतिरिक्त शाहजहांपुर के लिए 30 अतिरिक्त बसें, सीतापुर के लिए 30 बसें, गोला के लिए 30 बसें, कन्नौज के लिए 20 और लखीमपुर के लिए पांच अतिरिक्त बसें आवंटित की गई हैं।