नटवीर पुलिया के पास नाले से बाइक को निकालते युवक।
- फोटो : amarujala
हरदोई। शहर में नटवीर पुलिया के पास स्पीड ब्रेकर पर तेज रफ्तार बाइक उछलने से युवक सिर के बल गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। बाइक पास ही नाले में पड़ी थी। सुबह सड़क किनारे लाश पड़ी देख लोगों ने घर पर सूचना दी। बाइक चलाते समय युवक हेलमेट नहीं लगाए था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सांडी थाना क्षेत्र के गांव उल्लामऊ निवासी शिवम सिंह (22) शहर के मोहल्ला रफी अहमद चौराहा के पास मां किरन और दो बहन चांदनी व रेशमी के साथ किराए का मकान लेकर रहता था। वह महेश गली में सराफा व्यापारी राकेश की दुकान पर नौकरी करता था।
मां किरन ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे शिवम के मोबाइल पर फोन आया था। इसके बाद वह बाइक से निकल गया और देर रात घर नहीं लौटा। इस पर करीब 12 बजे उसको फोन किया गया लेकिन मोबाइल बंद था। इसके बाद खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चला।
रविवार सुबह करीब 8 बजे नटवीर पुलिया के पास नाले के किनारे लोगों ने उसकी लाश पड़ी देखी। बाइक नाले में और मोबाइल नाले के पास पड़ा था। सूचना पर किरन और उसकी बेटियां मौके पर पहुंचीं। किरन का कहना था कि शिवम की दो सोने की अंगूठी और पर्स नहीं मिला है।
उन्होंने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल कमलेश नरायण पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जहां शव मिला उससे पहले ऊंचा स्पीड ब्रेकर बना है। आशंका है कि स्पीड ब्रेकर में तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर पलट गई और शिवम की मौत हो गई हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में चोट लगना बताया गया है। शिवम हेलमेट नहीं लगाए था।