फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रेमिका संग मृत युवक जिंदा मिला

Sun, 26 Apr 2015 11:37 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, हरदोई
विज्ञापन
विज्ञापन
पिहानी क्षेत्र के धोबिया आश्रम के पास बरामद अज्ञात शव की शिनाख्त जिस युवक के रूप में की गई उसे पचदेवरा पुलिस ने प्रेमिका के साथ जिंदा दबोच लिया। एसपी ने मामले का खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की।
विज्ञापन


एएसपी पश्चिमी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि इस मामले में युवक के पिता द्वारा नामजद किए गए पांच लोगों के मुकदमे को स्पंज किया जाएगा और पुलिस को गुमराह करने पर वादी पर कार्रवाई की जाएगी ओर धोबिया पर मिले अज्ञात शव की दोबारा जांच पड़ताल की जाएगी।

ज्ञात हो कि पिहानी थाना क्षेत्र के धोबिया आश्रम के पास विगत 13 अप्रैल को एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव की शिनाख्त पचदेवरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर निवासी वीर बहादुर ने अपने लापता बेटे सुबोध (25) के रूप में की थी।
विज्ञापन


उसने बेटे को प्रेम प्रसंग के चलते अगवा कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नंद किशोर पुत्र छोटकन्नू निवासी नारायनपुर, रामपाल पुत्र सेवाराम निवासी खेरिया पचदेवरा, सूरज पुत्र जुगुल किशोर निवासी अनंग बेहटा, रामदास पुत्र छोटकन्नू निवासी नरायनपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

एसओ अल्ताफ अंसारी ने घटना की विवेचना शुरू की तो कई उलझे पहलू सामने आए। युवक के विरुद्ध कोतवाली देहात क्षेत्र में एक लड़की को भगा ले जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने इस बिंदु को जांच में शामिल करते हुए उसके मोबाइल को सर्विलांस से ट्रैस करना शुरू किया तो युवक के गुजरात में जिंदा होने की जानकारी मिली।

इस पर पुलिस ने जांच और तेज कर दी। रविवार की सुबह सुबोध की लोकेशन प्रेमिका के साथ पचदेवरा क्षेत्र के बिबियापुर क्षेत्र में मिली तो पुलिस ने पीछा किया। पता चला कि दोनों एक मंदिर में विवाह करने जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को मौके पर धर दबोचा।

उधर, एएसपी ने बताया कि सुबोध की शादी तीन साल पहले हुई थी, उसका एक बेटा भी है। वह नारायनपुर निवासी एक व्यक्ति की साली को प्रेम प्रसंग के चलते 30 मार्च को भगा ले गया था। बताया कि उसके पिता ने शव की गलत शिनाख्त कर पुलिस को भी गुमराह कर रंजिशन लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि मामले में सुबोध के पिता के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लड़की के परिजनों को सूचना दे दी गई है, चूंकि लड़की बालिग है और उसने पिता के पास जाने से इंकार कर दिया, लिहाजा सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और कोर्ट जो भी फैसला देगी, उस पर अमल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम में शामिल एसओ पचदेवरा अल्ताफ अंसारी, दारोगा अशोक कुमार, आरक्षी गंगा सिंह राठौर, सुशील कुमार, सर्विलांस सेल के करुणेश शुक्ला, मो. इरफान और आरक्षी राजकुमार नागर को पुरस्कृत किया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें