कचहरी परिसर में हत्या के आरोपी के गोली मारने की
घटना के बाद कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था को और चाक-चौबंद किया गया है।
मंगलवार को कचहरी और दीवानी न्यायालय की चेकिंग की गई और गेट पर मेटल
डिटेक्टर लगाए गए। इसके अलावा परिसर में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा
दी गई।
ज्ञात हो कि सोमवार को पेशी पर जाते समय पुलिस कस्टडी में एक
हत्या के आरोपी बबलू निवासी जपरा को गोली मार दी गई थी। जिसका लखनऊ में
इलाज चल रहा है। वहीं सिपाही सुरेंद्र प्रताप की तहरीर पर आरोपी कौशल किशोर
के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
मंगलवार को कचहरी परिसर की
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए हवालात की भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
बंदी के साथ सिपाही के अलाव शस्त्र लाइसेंसी पुलिस कर्मियों को भी लगाया
गया। मंगलवार को कोर्ट और कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का एएसपी पूर्वी
बीसी दुबे ने पुलिस बल के साथ जायजा लिया।
पुलिस टीम ने एसपी कार्यालय से
कचहरी परिसर, दीवानी न्यायालय परिसर की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान कचहरी
परिसर में आने जाने वालों की तलाशी ली गई। वही हवालात के आस पास मौजूद
वाहनों और दुकानों को हटाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कचहरी हवालात से
दीवानी न्यायालय गेट के बीच रास्ते में लगने वाले ठेले और दुकानों को
हटाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही लोगों के सामान की तलाशी ली गई। इस
मौके पर एलआईयू प्रभारी हारुन रशीद, शहर कोतवाल नागेश मिश्र, एसएसआई बृजेश
त्रिपाठी, आरआई अर्जुन सिंह सहित पुलिस कर्मी और पीएसी के जवान मौजूद थे।
उधर, कोर्ट परिसर आने जाने वालों की जांच के लिए न्यायालय के दोनों गेट पर
मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं, साथ ही यहां पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की
गई। कचहरी और न्यायालय परिसर में किसी भी प्रकार के शस्त्र लाने पर भी
प्रतिबंध लगा दिया गया है।