जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने कहा कि तहसील दिवस में
प्राप्त शिकायतों का निस्तारण सात दिन में सुनिश्चित किया जाए और किसी भी
दशा में शिकायतों को लंबित न रखा जाए। वह मंगलवार को शाहाबाद में आयोजित
तहसील दिवस में बोल रहे थे।
गत तहसील दिवस की कुछ शिकायतें लंबित पाए
जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि एक माह से अधिक समय के
उपरांत भी शिकायतों का निस्तारण न होना अनुशासनहीनता व कार्य के प्रति रुचि
न लेना समझा जाएगा। कहा कि ऐसे अधिकारी जिनकी शिकायत लंबित हैं, उन्हें
लिखित चेतावनी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि तहसील दिवस की लंबित शिकायतों
को फौरन निस्तारित कर दिया जाए। विरासत दर्ज न करने के मामले में शिकायत
प्राप्त होने पर डीएम ने संबंधित लेखपाल को निलंबित करने के आदेश एसडीएम
शाहाबाद को दिए। कहा कि आय, जाति, निवास सहित अन्य प्रमाण पत्रों के लिए
प्राप्त आवेदनों को लंबित न रखा जाए और सात दिनों में निस्तारित किया जाए।
कहा
कि प्रमाण पत्रों के लिए आनलाइन आवेदन की व्यवस्था शासन द्वारा की गई है
ताकि आवेदकों को लेखपाल, पंचायत सेक्रेटरी के पास बार-बार न दौड़ना पड़े।
कहा कि लोकवाणी व जनसेवा केंद्र से प्राप्त आवेदनों का समय से निस्तारण
किया जाए।
ट्रांसफार्मर के चार माह से खराब होने की शिकायत प्राप्त होने पर
डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत एसके श्रीवास्तव को संबंधित जेई को
निलंबित करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्हें शिकायतेें प्राप्त
हो रही हैं कि गेहूं क्रय केंद्रों को समय से नहीं खोला जा रहा है।
सभी
क्रय केंद्रों को समय से खोला जाए और किसानों का गेहूं निर्धारित मूल्य पर
खरीदा जाए। राशन एवं मिट्टी के तेल वितरण में अनियमितता की शिकायतें
प्राप्त होने पर डीएम ने एसडीएम शाहाबाद को निर्देश दिए। कहा कि जांच
कराकर दोषी कोटेदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
इस दौरान
तहसील दिवस में 106 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें 12 का निस्तारण मौके पर
कर दिया गया। शेष शिकायतों में राजस्व 27, पुलिस 25, बिजली की सात, शिक्षा
की तीन, समाज कल्याण की 14, सीएमओ, गन्ना, चकबंदी, पीडब्ल्यूडी और आरईएस
की एक-एक, पालिका की चार, जल निगम की दो, आपूर्ति विभाग की पांच तथा
डीपीआरओ की तीन शिकायतें आदि प्राप्त हुई।
तहसील दिवस में सीडीओ विजय
गुप्ता, एएसपी प्रदीप गुप्ता, एसडीएम शाहाबाद मंशाराम वर्मा, डीपीआरओ एके
सिंह, डीपीओ प्रकाश चौरसिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी एसके श्रीवास्तव,
डिप्टी सीएमओ डा. शमरूल हसन, जिला कृषि अधिकारी डा. विनोद यादव आदि मौजूद
थे।