हरदोई। जल्द ही कटियारी क्षेत्र के लोगों को सरकारी चिकित्सा सुविधा और सेवाएं उपलब्ध हो जाएंगी। नौ करोड़ से अधिक की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है। भवन हस्तांतरण और मानव संसाधन जुटाने की प्रक्रिया शुरू होने से कटियारी क्षेत्र के लोगों को दर्द की दवा और मरहम करीब के गांव चौसार में ही मिल जाया करेगा।
9,61 करोड़ रुपये की लागत से चौसार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकर तैयार हो गया है। उप्र राजकीय निर्माण निगम की तरफ से भवन बना लिए जाने की जानकारी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है। भवन की गुणवत्ता की जांच होते ही भवन स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित हो जाएगा। वहीं शासन ने चौसार स्वास्थ्य केंद्र संचालन के लिए मानव संसाधन सेवा प्रदाता के माध्यम से जुटाने के भी आदेश दे दिए हैं। उपकरण की भी खरीदारी के लिए शासन ने मंजूरी दी है।
-
सीएचसी चौसार के संचालित होने से इन गांवों के लोगों को होगी आसानी
चौसार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालित होने से कटियारी क्षेत्र के चौसार गांव के साथ ही बानामऊ, अरवल, अलियापुर, बेहथर, बेहटा, टिलियापुर, शेखपुर, मंसूरपुर, बेड़ीजोर, खद्दीपुर, मंगरौरा, सेमरिया गांवों के लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं मिल सकेंगी।
-
चौसार में उप्र राजकीय निर्माण निगम की तरफ से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन बना लिए जाने की जानकारी दी गई है। भवन की गुणवत्ता जांचने के लिए बिलग्राम एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में एसडीएम के साथ पीडब्ल्यूडी सीडी-1 के अधिशासी अभियंता, सीएमओ, शारदा नहर विभाग के अधिशासी अभियंता, शाहाबाद विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को नामित किया गया है। भवन की गुणवत्ता की रिपोर्ट मिलते ही भवन को स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित कराया जाएगा ताकि वहां पर स्वास्थ्य केंद्र का संचालन शुरू हो सके। -अनुनय झा, जिलाधिकारी