मंगलवार को चटख धूप के साथ चली पुरवा हवाओें में उमस
बढ़ गई। रही सही कसर बादलों एवं सूरज के बीच दिन में एक दो बार हुए
लुकाछिपी के खेल ने पूरा कर दिया और आलम यह हुआ कि शाम होते होते भीषण उमस
ने लोगों को उलझन में डाल दिया।
ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व तक बारिश से
सुहाने रहे मौसम ने सोमवार को चटख धूप के साथ पुरवा हवाओं संग उमस से
परेशान किया था। मंगलवार को भी उमस भरी गर्मी के चलते लोगों के दिन भर
पसीना छलकता रहा और देर शाम तक गर्मी के अहसास से लोग बेचैन रहे।
उमस भरी
गर्मी से निजात पाने को लोग आसमान की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे
हैं। यह अलग बात है कि लुकाछिपी कर निकल गए बादल न तो गरजे और न ही बरसे।
उधर, मौसम वेधशाला के प्रभारी जय शंकर मिश्र ने बताया कि एक दो दिनों के
भीतर झमाझम बारिश होने के आसार है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को अधिकतम
तापमान 34.5 एवं न्यूनतम 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि वातावरण में
आर्र्दता 70 प्रतिशत रही।