हरदोई। भीषण गर्मी से जनपद के लोगाें को शुक्रवार को राहत मिली। शुक्रवार की देर रात को आंधी के साथ दस मिनट तक बारिश हुई। हालांकि शहर में तेज हवाएं और बूंदाबांदी से ही लोगों को संतोष करना पड़ा। हालांकि अंाधी और बारिश के चलते रात में मौसम ठंडा हो गया, जिससे तड़के लोगों को झुरझुराहट का भी अहसास हुआ लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप ने एक बार फिर लेागों को पसीना पसीना होने पर मजबूर कर दिया।
बीते कुछ दिनों से गर्मी अपने चरम पर है। पारा 42 डिग्री के नीचे ही नहीं आ जा रहा है जबकि अधिकतम 44.8 डिग्री तक तापमान हो चुका है। गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल करके रखा हुआ लेकिन शुक्रवार की रात को लोगाें को थोड़ी राहत मिल गई। बताते चलें कि रात करीब 12 बजे के बाद तेज हवाएं चलने लगी और पूरे जनपद में बारिश हुई। बारिश से किसानों ने भी राहत महसूस की। उधर शहर के लोगाें को सिर्फ ठंडी हवाओं और बूंदाबांदी से ही संतोष करना पड़ा।
जबकि जनपद के पिहानी, बेहंदर, भरावन, शाहाबाद और गोपामऊ समेत आसपास इलाकों में 10 मिनट का बारिश भी हुई जिसकी वजह से रात में मौसम ठंड हो गया और गर्मी से बेहाल लोगों को कुछ देर के लिए ही सही लेकिन राहत मिली। सुबह का भी मौसम बेहद ठंडा हो गया और तड़के घूमने वालों को झुरझुराहट का भी अहसास हुआ। लेकिन दिन चढ़ने के साथ गर्मी भी बढ़ी हालांकि तापमान अधिक नहीं रहा। मौसम वेधशाला के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापामन 37 डिग्री सेंटीग्रेड रहा जबकि न्यूनतम तापमान में आठ डिग्री की कमी दर्ज कर 29 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया।
पिहानी/बिलग्राम/गोपामऊ/भरावन/बेहंदर (हरदोई)। बीती रात तकरीबन 1:15 बजे आसमान में बिजली की कड़क के साथ तेज आंधी आई। इससे विद्युत तारों में फाल्ट आने से तय समय पर आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। बड़ी बाजार के सामने अयूब जफर के मकान पर स्ट्रीट लाइट का पोल विद्युत लाइन पर गिरा जिससे बिजली के तार भी इसी के साथ इमारत पर आकर गिरे। हादसे के समय बिजली सप्लाई चालू न होने तथा रात का समय होने से भी बड़ा हादसा होने से टल गया। सुबह पालिका प्रशासन की ओर से पोल दोबारा लगवा दिया गया। उधर आम गिरने से बागबानों को क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मोहम्मद वसीम, मोहम्मद अहमद, राधेलाल, बड़े, शुऐब आदि ने बताया कि आंधी से नुकसान के साथ ही बारिश हो जाना फसल के लिए मुफीद साबित होगा। बारिश से बागबानों के साथ ही आम जनमानस को भी राहत मिली है। उधर गोपामऊ प्रतिनिधि के अनुसार आंधी से भले ही लोगाें को गर्मी से राहत मिली है लेकिन आम की पैदावार प्रभावित होगी। बागबान मंजूर अहमद ने बताया कि आंधी से काफी फल गिर गए हैं। हल्की बूंदाबांदी से बागबानों में चिंता पैदा हो गई।