सपा के राष्ट्रीय महासचिव व एमएलसी डा. अशोक बाजपेयी
ने कहा कि भौगोलिक रूप से पिछड़े कटियारी क्षेत्र के विकास के लिए वह सदैव
प्रयासरत रहेंगे। कोशिश है कि इस क्षेत्र में एक चीनी मिल लगे, जिससे यहां
के किसानों को गन्ना के लिए इधर उधर न भटकना पड़े।
उन्होंने केंद्र
सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दैवी आपदा से निपटने को केंद्र ने फूटी
कौड़ी की मदद प्रदेश सरकार को नहीं दी। वह शनिवार को ब्लाक परिसर में बने
नवनिर्मित हाल व 23 विकास कार्यों के लोकार्पण मौके पर बोल रहे थे।
उन्होंने ब्लाक द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि
पिछड़े क्षेत्र के विकास में जहां भी उनके सहयोग की जरूरत होगी वह करेंगे।
कहा कि क्षेत्र में सड़कें व पुलों की बेहद जरूरत है। इन कार्यों को
प्राथमिकता से कराया जाएगा। कहा कि प्रदेश सरकार ने 45 हजार परिवारों को
समाजवादी पेंशन से जोड़ा है। किसानों के लिए फसल बीमा योजना व अन्य कई ऐसी
योजनाएं लागू की है, जिनसे किसानों को निराश नहीं होना पड़ेगा।
उन्होंने
केंद्र पर आरोप लगाया कि पीएमआरवाई से बनने को सड़कें खुदी पड़ी हैं, पर
केंद्र सरकार ने इसके लिए पैसा जारी नहीं किया। कहा कि कटियारी क्षेत्र में
बेड़ीजोर पुल बन रहा है, इसके बाद अर्जुनपुर पुल बनवाने का प्रयास करेंगे।
सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं की
अनदेखी नहीं करेगी।
सपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव कमलेश पाठक ने
क्षेत्र के विकास कार्यों का लेखाजोखा पेश करते हुए कहा कि
विकास कार्यों
में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। सभा की अध्यक्षता कर रही ब्लाक
प्रमुख अंजलि पाठक ने कहा कि क्षेत्र के विकास को वह सदैव प्रयासरत रहेंगी।
उन्होंने सभी का आभार जताया। इस मौके पर प्रधान संघ के अध्यक्ष यतींद्र
पाठक, बीडीसी सदस्य मालती द्विवेदी, अरविंद मिश्रा, उधर सिंह यादव, विमल
मिश्रा, आदित्य मिश्रा, दीपू बाजपेयी, आजाद सिंह भदौरिया आदि मौजूद थे।