हरदोई। सीतापुर-हरदोई मार्ग पर काकूमऊ के पास बेकीबू कार पेड़ से टकरा गई। उसमें बैठे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां सोमवार देर रात एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उसकी पुत्री-दामाद समेत चार लोगों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के भड़ायल निवासी राजेश सिंह (50) खेती करते थे। पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से बीमार थे। उनका इलाज लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल से चल रहा था। इन दिनों राजेश की पत्नी सरिता की भी तबीयत खराब है। राजेश के साढ़ू बघौली थाना क्षेत्र के भीठादान गांव निवासी मनोज सिंह अपने पुत्री समर (13) व दूसरे साढ़ू शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के बिलालपुर निवासी राजवीर सिंह अपने पुत्र ऋषभ (15) के साथ राजेश व सरिता को देखने बीते शुक्रवार को आए थे। मनोज और राजवीर वापस चले गए थे, जबकि समर और ऋषभ भड़ायल में ही रुक गए थे।
सोमवार को राजेश के दामाद निशांत (27) अपनी पत्नी शिवप्रिया (24), समर व ऋषभ के साथ राजेश की दवा लेने लखनऊ गए थे। देर शाम वापस घर जा रहे थे। कार निशांत चला रहा था। हरदोई-सीतापुर मार्ग पर काकूमऊ के पास कार चला रहे निशांत की आंखों पर सामने से आ रहे वाहन की हेडलाइट की रोशनी पड़ी। इस कारण निशांत की कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। घटना में कार में बैठे सभी लोग घायल हो गए। इन सभी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां राजेश को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी चारों को लखनऊ रेफर किया गया है।