पिहानी थाना क्षेत्र में बालिका के साथ दुष्कर्म के
बाद हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। आरोपी पहले भी
दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस ने उसके विरुद्ध कार्रवाई कर
जेल भेज दिया। एसपी ने आरोपी के विरुद्ध एनएसए की कार्रवाई करने के निर्देश
दिए हैं।
ज्ञात हो कि पिहानी थाना क्षेत्र में एक अगस्त को एक गांव में
गन्ने के खेत में एक बालिका का शव पड़ा मिला था। जिसकी शिनाख्त पास के
गांव के एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री के रूप में की थी। उसके साथ दुष्कर्म कर
हत्या करने की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध
रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह
ने मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि गांव में पुलिस की पूछताछ
में गांव निवासी एक युवक का घटना में हाथ होने का नाम आया। जिस पर पुलिस ने
उसको गांव से जाते समय धर दबोचा। उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवक ने
घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
एसपी ने बताया कि उक्त युवक इससे
पहले वर्ष 2013 में अपनी भतीजी के साथ दुष्कर्म के मामले में जेल गया था।
वह 19 माह जेल में रहकर दो माह पूर्व ही जमानत पर रिहा होकर आया था। एसपी
ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी।