हरपालपुर/सांडी। उन्नाव-कटरा मार्ग पर सांडी थाना क्षेत्र के लमकन पुल के पास मंगलवार सुबह बरातियों से भरी बस बेकाबू होकर खंती में चली गई। हादसे में 14 बराती घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी हरपालपुर पहुंचाया गया। बरातियों के मुताबिक, चालक के मोबाइल की घंटी बज रही थी। मोबाइल उठाते ही चालक स्टीयरिंग से नियंत्रण खो बैठा जिससे हादसा हो गया।
अरवल थाना क्षेत्र के दहेलिया गांव निवासी धर्मपाल के पुत्र सुनीत की बरात सोमवार रात बांगरमऊ गई थी। मंगलवार सुबह बराती बस में सवार होकर दहेलिया जा रहे थे। चालक के मोबाइल की घंटी बजी। उसने बात करने के लिए मोबाइल उठाया। इस दौरान कटरा-बिल्हौर मार्ग पर लमकन पुल के पास चालक का स्टीयरिंग से नियंत्रण छूट गया। इस वजह से बस खंती में चली गई। बस में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 14 बराती घायल हो गए।
घायलों में दहेलिया गांव निवासी राम सरन (72), पंकज (29), देवदत्त (15) पुत्र धर्मपाल, विमल (25), अंकित (15) पुत्र वेदप्रकाश, करन (6) पुत्र अमित, वीरपाल (55), शिवा (29), प्रियांशु (12) पुत्र राम लखन रामपाल (70), रामरूप (30), गुलशन (28), करन (18) पुत्र प्रेम सिह, शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद निवासी धर्मपाल के रिश्तेदार दीपक (12) पुत्र बांके लाल घायल हुए है। मौके पर आसपास के लोग आ गए। पुलिस को सूचना दी गई।
एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया गया। चिकित्सक ने प्रियांशु को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह, प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज और सांडी थानाध्यक्ष राकेश यादव ने घटनास्थल और सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल-चाल लिया। बस छोड़कर चालक मौके से भाग गया। सीओ ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है।