मल्लावां। कस्बे के छोटे चौराहे पर ट्रक के नीचे कूदने वाली किशोरी की सोमवार देर रात लखनऊ में मौत हो गई। किशोरी अपने जीजा और बहन के साथ उनके घर जा रही थी।
माधौगंज थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर बसुदेव निवासी कृष्णपाल की पुत्री शिवानी देवी (17) गंज मुरादाबाद के एक डिग्री कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शिवानी के पिता की मौत साल 2019 में सड़क हादसे में हो गई थी। शिवानी के बड़े भाई सोनू गौतम के मुताबिक, मंगलवार को शिवानी को कॉलेज में परीक्षा देनी थी। इसलिए सोमवार शाम वह उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के जगतनगर निवासी जीजा दिनेश और बहन सीमा के साथ उनके घर जा रही थी। रास्ते में मल्लावां कस्बे के बड़े चौराहे पर दिनेश ने बाइक रोक दी। तीनों एक दुकान पर समोसे खाने लगे।
इस दौरान अचानक शिवानी वहां से गुजर रहे ट्रक के नीचे कूद पड़ी। ट्रक का पिछला पहिया उसके दोनों पैर और कमर पर चढ़ गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसको सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सक ने लखनऊ रेफर कर दिया। वहां देर रात उसकी मौत हो गई। मृतका तीन बहन और दो भाइयों में सबसे छोटी थी। कार्यवाहक कोतवाल राधेश्याम ने बताया कि चालक समेत ट्रक को कब्जे में लिया गया है।