मल्लावां (हरदोई)। बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर तेरवाकुल्ली चौराहे के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने बुलेट सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सिपाही घायल हो गया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के छतनेपुर गांव निवासी शिवप्रताप सिंह (30) सीतापुर पुलिस लाइन में सिपाही के पद पर तैनात हैं। वह छुट्टी पर घर आए थे और शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी के साथ ड्यूटी के लिए सीतापुर जा रहे थे।
सुबह करीब 10 बजे तेरवाकुल्ली चौराहे पर पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से लक्ष्मी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हेलमेट लगाए होने के कारण शिवप्रताप की जान तो बच गई, लेकिन उन्हें भी चोटें आईं।
पुलिस ने घायल सिपाही को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां इलाज चल रहा है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष बालेंद्र मिश्रा ने बताया कि चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। बताया गया कि शिवप्रताप की शादी वर्ष 2021 में हुई थी।