फोटो-23-धर्मेंद्र कुमार। फाइल फोटो
मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के पुरवावां मार्ग पर सड़क किनारे तालाब में बाइक समेत युवक का शव शनिवार सुबह पड़ा मिला। कुछ ही दूरी पर उसका दोस्त भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। घायल को मेडिकल कॉलेज हरदोई में भर्ती कराया गया। प्राथमिक जांच में किसी वाहन की टक्कर से दुर्घटना में युवक की मौत और उसके साथी के घायल होने की बात सामने आई है।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के बेहसार निवासी धर्मेंद्र कुमार (20) लुधियाना में रहकर मजदूरी करते थे। पिता छब्बा ने बताया कि शुक्रवार रात धर्मेंद्र गांव निवासी अपने दोस्त नवाब (22) के साथ गौसगंज जाने की बात कहकर बाइक से घर से निकले थे। शनिवार सुबह मल्लावां गौसगंज मार्ग पर पुरवावां गांव में सड़क किनारे तालाब में धर्मेंद्र का शव पड़ा मिला। कुछ दूरी पर सूखे तालाब में नवाब भी गंभीर हालत में पड़े मिले। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव तालाब से निकलवाकर परिजनों को सूचना दी। साथ ही नवाब को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां में भर्ती कराया। यहां से नवाब को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतक पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का और अविवाहित था।
कोतवाल शिवाकांत पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जांच में किसी वाहन की टक्कर से दुर्घटना होने की बात सामने आ रही है। घटनास्थल पर एक मोड़ भी है। यह भी संभावना है कि मोड़ पर ही बाइक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पिता बोले, इधर तो जाना नहीं था
पिता छब्बा ने बताया कि बेटे और उसके दोस्त को गौसगंज जाना था। दोनों पुरवावां कैसे पहुंच गए यह पता नहीं चला। घटना में घायल नवाब की हालत में सुधार होने पर उससे ही पता चलेगा कि यह लोग पुरवावां की तरफ कैसे पहुंचे। हालांकि, उन्होंने घटना को लेकर किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए।
मदद करने आया था धर्मेंद्र, गम दे गया
पिता छब्बा बताते हैं कि धर्मेंद्र लुधियाना में काम करता था। गांव स्थित खेत में गेहूं की फसल तैयार हो गई है। फसल की कटाई की वजह से चार दिन पहले ही धर्मेंद्र लुधियाना से आया था। कटाई के लिए मजदूर करते तो खर्च बढ़ जाता इसलिए पिता की मदद करने धर्मेंद्र आया था। मदद के लिए आया धर्मेंद्र पूरे परिवार को गम दे गया।