फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: सगे भाइयों की हत्या करने के आरोपी तीन सगे भाई मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगने से दो घायल

विज्ञापन
फोटो-अतुल कुमार। संवाद
विज्ञापन
हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया में लोडर की टक्कर से बुजुर्ग की मौत के बाद दो सगे भाइयों की हत्या करने के आरोपी तीन सगे भाइयों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार आधीरात के बाद मझिला पुल के पास हुई मुठभेड़ में दो सगे भाई पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हो गए। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, दो तमंचे, दो कारतूस, दो खोखा और एक बाइक बरामद हुई है।
विज्ञापन




सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया निवासी देवी सहाय उर्फ भारत (70) शुक्रवार शाम लगभग पौने चार बजे प्राथमिक पाठशाला के सामने खाली पड़े मैदान में बैठे थे। गांव के ही अमन कश्यप (30) अपने भाई शिवम कश्यप (17) के साथ लोडर लेकर जा रहे थे। इस दौरान देवी सहाय को लोडर से टक्कर लग गई थी। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी। इसकी जानकारी पर देवी सहाय के पुत्र अनूप, अतुल, नीरज पांडेय और श्याम वहां आ गए थे। इन लोगों ने लोहे की रॉड और लाठी से शिवम व अमन पर हमला कर दिया था। घटना में शिवम की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि अमन को मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया गया था।
मृतकों के भाई अश्वनी उर्फ लक्की की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और पुलिस अधीक्षक एके मीणा ने पुलिस की चार टीमें गठित की थीं। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच का अभियान शुक्रवार रात चलाया जा रहा था। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्यारोपी बाइक से बिलग्राम की तरफ जा रहे हैं।
विज्ञापन

इस पर मझिला पुल पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में बायें पैर में गोली लगने से अतुल और अनूप घायल हो गए। बाइक चला रहा नीरज भी मौके से पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गोली लगने से घायल दोनों हत्यारोपियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। तीसरे को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। मामले में चौथे आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश पुलिस कर रही है।





पिता का शव देख आंखों में उतर आया था खून
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की गई है। इस दौरान इन लोगों ने बताया कि लोडर की टक्कर से पिता की मौत हो गई थी। पिता का शव देखकर चारों भाइयों की आंखों में खून उतर आया था। बिना कुछ सोचे-समझे गुस्से में आकर इन लोगों ने ड्राइविंग सीट पर बैठे शिवम कश्यप और उसके साथ आगे की सीट पर बैठे अमन को घसीट लिया और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।





सिर की हड्डियां हो गई थीं चकनाचूर, इसी से गई भाइयों की जान
अमन और शिवम के शव का पोस्टमॉर्टम पैनल से कराया गया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि अमन और शिवम की मौत सिर की हड्डियां चकनाचूर होने से हुई है। अमन के सिर में छह चोटें मिलीं जबकि शिवम के सिर में पांच चोटें मिलीं। अमन के बायें पैर में और शिवम के दायें हाथ में चोटें मिली हैं। यह सभी चोटें लोहे के रॉड से वार किए जाने के कारण आई हैं। दुर्घटना का शिकार हुए देवी सहाय का पोस्टमार्टम भी पैनल से कराया गया। देवी सहाय के आठ चोटें मिलीं। चार चोटें सिर पर और एक चोट शरीर के पिछले हिस्से पर है। छाती में दायीं ओर, बायीं जांघ में और बायेें पैर में भी चोट मिली है। एक पैर भी फटा मिला है। वाहन की टक्कर से यह चोटें आने की पुष्टि हुई है।

गांव बना छावनी, कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ अंतिम संस्कार

सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया गांव में हुई घटना के बाद पीएसी और पुलिस तैनात है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद सगे भाइयों के शव गांव पहुंचे। शव पहुंचते ही परिजन बिलख पड़े। कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों शव अंतिम संस्कार के लिए मेहंदीघाट ले जाए गए। शिवम को मुखाग्नि उनके भाई ने दी, जबकि अमन को मिट्टी में दफन किया गया। दूसरे पक्ष के देवी सहाय का भी अंतिम संस्कार शनिवार को हुआ। उनका अंतिम संस्कार राजघाट पर हुआ। उनके भतीजे ने मुखाग्नि दी। दरअसल उनके तीन बेटों को मुठभेड़ के बाद पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक बेटे की तलाश अभी पुलिस कर रही है। तनाव को देखते हुए अभी कुछ दिनों तक पीएसी और पुलिस बल गांव में तैनात रहेगा।

फोटो-अतुल कुमार। संवाद

फोटो-अतुल कुमार। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें