बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। इससे बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं उसका पति व पुत्र घायल हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के कस्बा के सदर बाजार निवासी कृष्णकांत शुक्ला (35) अपनी पत्नी सुधा (32) और पुत्र श्रेयांस (4) के साथ रविवार की देर शाम लखनऊ ताल कटोरा में स्थित अपनी ससुराल से बाइक से वापस आ रहे थे। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कटौली के पास सामने से आ रहे ट्रक की लाइट पड़ने से बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। इससे तीनों लोग सड़क किनारे खाई में जा गिरे। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे। रास्ते में महिला सुधा की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। घायल पुत्र श्रेयांस का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बाइक की टक्कर से ग्रामीण की मौत
देहात कोतवाली क्षेत्र के पंडित पुरवा निवासी महेंद्र (42) पुत्र सोबरन सोमवार देर शाम हरदोई से साइकिल के जरिए घर जा रहे थे। गांव के पास ही बाइक की टक्कर से घायल हो गए। बाइक चालक भाग निकला। आसपास के लोग उन्हें जिला अस्पताल लाए। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, शहर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड निवासी राज प्रताप (23) पुत्र लाल बहादुर, देहात कोतवाली क्षेत्र के चक निवासी रमेश (35) पुत्र शिवराम, देहात कोतवाली के आशा निवासी शाहरूख (24) पुत्र पुत्तन और टड़ियावां के परसपुर निवासी संदीप कुमार (30) पुत्र सियाराम सड़क हादसे में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।