सवायजपुर (हरदोई)। किसान से घूसखोरी के मामले में सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार देर रात इलाहाबाद बैंक की सदुल्लीपुर शाखा के प्रबंधक को भी उसके घर से धर दबोचा। इससे पहले बैंक से गिरफ्तार किए गए कर्मचारी को भी प्रबंधक के साथ बुधवार को लखनऊ की सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हरपालपुर क्षेत्र के ग्राम बरहुली निवासी फूल सिंह ने लखनऊ में सीबीआई की एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी कि कृषि ऋण देने के लिए बैंकवाले उससे घूस मांग रहे हैं। लखनऊ से आई टीम ने मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से बैंक के संविदा कर्मचारी संतोष को फूल सिंह से 14 हजार रुपये घूस लेते दबोच लिया था। टीम के निरीक्षक आेंकार सिंह संविदा कर्मचारी को लेकर लखनऊ चले गए।
बाकी सदस्य यहां बैंक में कागजातों की छानबीन करते रहे। निरीक्षक ओंकार सिंह के मुताबिक लखनऊ में संतोष ने कबूल किया कि घूसखोरी में बैंक प्रबंधक गौरव पांडे भी शामिल हैं। इस पर निरीक्षक के निर्देश पर टीम ने यहां बैंक प्रबंधक को भी उसके घर से धर दबोचा। रात में ही उसे लखनऊ ले जाया गया। बुधवार को दोनों आरोपियों को लखनऊ स्थित सीबीआई कोर्ट से जेल भेजा गया। टीम प्रभारी आेंकार सिंह ने बताया कि जांच में मैनेजर को भी दोषी पाया गया है।