हरदोई। शाहाबाद विकास खंड की 13 ग्राम पंचायताें में बारिश के दौरान 894 मजदूरों की हाजिरी लगाए जाने का मामला तूल पकड़ने के बाद हाजिरी शून्य कर दी गई है। 27 सितंबर को बारिश और जलभराव के बीच 26 कामों पर 894 मजदूरों की हाजिरी दर्शाए जाने का खुलासा
अमर उजाला में पांच अक्तूबर के अंक में प्रकाशित किया गया था। इसके बाद ही हाजिरी शून्य कर दी गई। संबंधित ग्राम पंचायतों के मेटों पर कार्रवाई की तैयारी भी है।
बीते 26 और 27 सितंबर को झमाझम बारिश हुई थी। इस बारिश के दौरान जगह-जगह जलभराव हो गया था। बावजूद इसके शाहाबाद विकास खंड के 13 गांवों में वीबीजी रामजी के तहत 26 कार्याें पर 894 मजदूरों को काम पर दर्शा दिया गया था। कुल 101 मस्टर रोल जारी किए गए थे। मामला तूल पकड़ने के बाद खंड विकास अधिकारी ने संबंधित सभी मजदूरों की हाजिरी शून्य कर दी। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि बारिश रुक जाने के कारण 13 ग्राम पंचायतों में कुछ समय के लिए मजदूर काम करने के लिए एकत्र हुए थे। रोजगार सेवक और मेट ने इनकी डिजिटल उपस्थिति दर्ज करा दी थी। काम शुरू होने से पहले ही फिर से बारिश होने लगी थी।
इस कारण काम नहीं हुआ। मामले में वास्तविक स्थिति पता चलने पर सभी मजदूरों की उपस्थिति शून्य कर दी गई। इस संबंध में संबंधित ग्राम पंचायतों ने उपस्थिति शून्य किए जाने की सूचना भी खंड विकास अधिकारी को भेज दी है। खंड विकास अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि संबंधित मेटों पर कार्रवाई के लिए भी ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया है।