हरदोई। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में दवा काउंटर पर मरीजों की समस्याएं कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। सात काउंटर संचालन के बावजूद मरीजों काे लंबी लाइन में घंटों खड़े होना पड़ रहा है। कर्मचारी जब मन होता है काउंटर छोड़कर चले जाते हैं फिर भले ही बाहर लंबी लाइन ही क्यों न हो। बुधवार को भी कई काउंटरों पर कर्मचारी नदारद दिखे और मरीज व तीमारदार परेशान नजर आए।
ओपीडी के दवा काउंटर का सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक खुलने का समय तय है। हालांकि, अभी कुछ दिन पहले एक घंटे का समय अतिरिक्त बढ़ाया भी गया। चूंकि दो बजे के बाद मरीजों की भीड़ कम हो जाती है ऐसे में दवा काउंटर नियमित रूप से एक घंटा नहीं खुल रहा है। कर्मचारी मनमाने ढंग से दवा काउंटर का संचालन करते हैं। वहीं, अब स्थिति यह है कि मरीजों की भीड़ भले ही क्यों न लगी हो कर्मचारी काउंटर छोड़ देते हैं और दूसरे कार्याें में व्यस्त हो जाते हैं।
बुधवार को भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। दोपहर 12.30 बजे के करीब सात दवा काउंटर में से चार ही संचालित होते नजर आए। एक पुरुष और महिला काउंटर और दिव्यांग काउंटर पर कोई कर्मी बैठा नहीं मिला। इसका मरीजों ने विरोध भी जताया। सीएमएस डॉ. चंद्र कुमार ने बताया कि सभी काउंटर संचालित थे कुछ कर्मी ट्रेनिंग पर गए थे।