फोटो-1-मोर्चरी के बाहर जांच करते अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी कपिल देव सिंह। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। टड़ियावां के ग्राम भैंसरी निवासी किशोरी के गुरुवार को लापता होने के बाद शुक्रवार को परिजन उसे सीतापुर से तलाश कर वापस ले आए। देर रात युवती की संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसरी निवासी राजकिशोर त्रिपाठी की बेटी रामा (16) गुरुवार की दोपहर संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। तलाश के दौरान पता चला कि गांव की ही पूनम व उसके रिश्ते के भाई शालू व शिवा उसकी बेटी को बहल फुसला कर ले गए हैं।
इसका पता चलने पर गुरुवार को पिता राजकिशोर व परिजन, आरोपी शालू के गांव बरगावां थाना पिसावां जिला, सीतापुर गए और वहां से रामा को वापस ले आए। पिता राजकिशोर ने बताया कि वापस लाने के बाद से ही रामा की मानसिक व शारीरिक हालत ठीक नहीं लग रही थी।
बताया कि देर रात रामा की तबीयत बिगड़ गई। सुबह उसे जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एससपी पश्चिमी कपिल देव सिंह ने भी जिला अस्पताल पहुंच कर घटना के बारे में जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। एसओ राय सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर पूनम, शालू व शिवा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।