हरदोई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की शनिवार को हुई बैठक में डिप्टी रजिस्ट्रार लखनऊ द्वारा एक बार फिर मान्यता मिलने के बाद हर्ष जताया गया। प्रांतीय कोषाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शिवशंकर पांडे ने कहा एक बार फिर से संगठन और सशक्त बनकर उभरेगा।
बिलग्राम चुंगी के पास शिक्षक भवन में शनिवार को आयोजित उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक हुई। प्रांतीय कोषाध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों व शिक्षकों को अवगत कराते हुए कहा कि डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता वाली कमेटी को डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा एक बार पुन: मान्यता प्रदान की गई है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन को अब और मजबूती प्रदान की जाएगी और इसे और सशक्त बनाया जाएगा। शिक्षकों का शोषण संघ कतई नहीं होने देगा। पदाधिकारियों व शिक्षकों ने भी प्रांतीय कोषाध्यक्ष का माला पहनाकर स्वागत किया।
इस मौके पर जिला मंत्री विपिन सिंह, जिला उपाध्यक्ष अक्षत पांडे, जिला उपाध्यक्ष बृजेश अवस्थी, अंतर्यामी वाजपेयी, अनंतराम पांडे, ललित शुक्ला, मानवेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।