मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहद्दीनपुर में शुक्रवार दोपहर खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पर बैठा किशोर नीचे गिरकर रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन ने सीएचसी पहुंचाया यहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला मोहद्दीनपुर निवासी रूपचंद राठौर के खेत में शुक्रवार दोपहर ट्रैक्टर से जुताई हो रही थी। उनका नाती नितिन (12) भी ट्रैक्टर पर बैठा था। रूप चंद ने बताया कि जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर खेत के किनारे खड़े पेड़ की डाल से टकरा गया। इससे ट्रैक्टर में झटका लगा और नितिन असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा। नीचे गिरते ही वह रोटावेटर के हल की चपेट में आ गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल नितिन को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया। नाना रूपचंद राठौर ने बताया कि उसके पिता पप्पू राठौर की पहले ही मौत हो चुकी है। पिता के निधन के बाद से नितिन उनके पास ही रह रहा है। हादसे के समय ट्रैक्टर कौन चला रहा था इस बारे में परिजन ने कोई जानकारी नहीं दी। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।