अरवल क्षेत्र में नदी में डूब रहे बच्चे को बचाने में
युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने
शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। इधर, पाली क्षेत्र में शौच को गई बालिका का
पैर गर्रा नदी में फिसल गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।
अरवल क्षेत्र
के ग्राम सुदनीपुर निवासी सतराम उर्फ सत्तू (35) का पुत्र सूरज (12)
शनिवार को गांव किनारे कुंडा नदी में भैंस को पानी पिलाने गया था। भैंस को
पानी पिलाते समय सूरज नदी में जा गिरा और डूबने लगा। सत्तू को जानकारी हुई
तो वह मौके पर पहुंच कर नदी में छलांग लगा दी और सूरज को सकुशल किनारे पर
ले आया।
सूरज को किनारे कर वह नदी से बाहर आने का प्रयास कर रहा था। इसी
बीच उसका पैर फिसल गया और वह वापस नदी में जा गिरा। इससे वह नदी में डूब
गया। पुलिस ने शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पाली
क्षेत्र के आबिद नगर निवासी भूरा की पुत्री निशा (13) शनिवार को गर्रा नदी
किनारे बकरियां चरा रही थी।
इसी दौरान वह नदी किनारे शौच को गई जहां अचानक
उसका पैर फिसल गया। जिससे वह गहरे पानी में डूब गई। उसके साथ के बच्चों ने
घटना की सूचना परिजनों को दी। आनन फानन में वह मौके पर पहुंचे। गांव के
श्रीकृष्ण पाल ने नदी में जाल डलवाकर उसे खोजा तब जाकर दोपहर बाद उसका शव
बरामद हुआ।