हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते शुक्रवार को युवती के खुदकुशी करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के भाई की शिकायत पर गांव के ही एक युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दावा है कि युवक ने किशोरी को बहलाकर उसके कुछ अश्लील वीडिये बना लिए थे और ब्लैकमेलिंग करने लगा था।
एक गांव निवासी किशोरी का शव शुक्रवार दोपहर घर में ही रस्सी के फंदे से लटका मिला था। परिजन की सूचना पर पुलिस ने मौके से जरूरी नमूने जुटाए थे। शुरूआत में परिजन घटना की वजह को लेकर चुप्पी साधे रहे। इस बीच पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को घटना की वजह को लेकर कुछ जानकारी मिली तो उन्होंने सीओ रवि प्रकाश सिंह से जांच कराई। जांच में पता चला कि किशोरी की नजदीकियां गांव निवासी रचित पटेल उर्फ ललित से थीं। रचित ने उसे बहलाकर उसके कुछ अश्लील वीडियो बना लिए थे। इन वीडियो के जरिए रचित किशोरी को ब्लैकमेल करने लगा था।
किशोरी के भाई का दावा है कि एक बार रचित उसके घर में घुस आया था। मौके पर रचित का मोबाइल पड़ा मिला था। इस पर अगले ही दिन रचित के पिता इंद्रजीत और मां अभिलाष से शिकायत की गई थी लेकिन उन्होंने जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। किशोरी के भाई ने बताया कि इसी से परेशान होकर बहन ने खुदकुशी की। सीओ रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर रचित पटेल और उसके माता-पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।