शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के तड़ेर गांव में शनिवार आधीरात के बाद किशोरी को सांप ने डस लिया। रविवार सुबह परिजन उसे सीएचसी शाहाबाद ले गए। यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों को बिना बताए ही परिजन झाड़फूंक कराने के लिए किशोरी को खानू नगला गांव ले गए। यहां झाड़फूंक के दौरान दोपहर ढाई बजे उसकी मौत हो गई।
तड़ेर निवासी गुरदेव खेती करते हैं। उनकी बेटी माधुरी (15) गांव में ही कक्षा आठ की छात्रा थी। शनिवार रात वह छप्पर के नीचे पड़े तखत पर सोई थी। आधीरात के बाद उसे सांप ने डस लिया तो वह चिल्ला पड़ी। पहले तो परिजन उसका घरेलू उपचार करते रहे। रविवार सुबह सात बजे सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से 7:30 बजे किशोरी को लेकर झाड़फूंक कराने चले गए। लगभग ढाई बजे झाड़फूंक के दौरान खानू नगला गांव में किशोरी की मौत हो गई। शव लेकर घर पहुंचे परिजनों ने शाम लगभग 5:30 बजे पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सांप डसे तो मरीज को अस्पताल लाएं : डॉ. गोगोई
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. जेबी गोगोई ने जनता से अपील की है। कहा है कि झाड़फूंक की जगह दवाओं और चिकित्सकों पर भरोसा करना चाहिए। सांप डसे तो अपने स्तर से इलाज न करने लगें बल्कि मरीज को लेकर नजदीकी अस्पताल जाएं। एंटी स्नेक वेनम का इस्तेमाल कर बहुत सारे मरीजों काे ठीक भी किया गया है।