हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के सैय्यबाड़ा निवासी किशोर की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि धक्कामुक्की के दौरान किशोर गिरकर बेहोश हो गया था। इस पर आरोपियों ने उसे मरा समझ फंसने के डर से ईंट मारकर उसका गला घोंटकर शव बोरे में बंदकर नाले में डाल दिया था।
सैय्यदबाड़ा निवासी ज्वाला कश्यप के पुत्र सत्यम कश्यप (14) का शव 27 नवंबर की सुबह मोहल्ला मुंशीगंज में बाबा कमलेश्वरनाथ मंदिर के निकट नाले में पड़ा मिला था। सोमवार को एएसपी पूर्वी अनिल यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सांडी कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी धीरज, जीतू सैनी और नौशहरा निवासी राजू सैनी को गिरफ्तार किया गया है।
26 नवंबर की रात कस्बे के बाहर तीनों आरोपी धक्कामुक्की कर रहे थे। इसी दौरान सत्यम बरात देखने जा रहा था। धक्कामुक्की के दौरान सत्यम को धक्का लग गया और वह सड़क पर गिर गया।
सत्यम को उठाकर आरोपी उसके घर ले जा रहे थे, लेकिन थोड़ी दूर चलने पर सत्यम बेहोश हो गया। आरोपियों को लगा कि सत्यम की मौत हो गई है और इस मामले में फंस जाएंगे। इस पर ईंट सत्यम के सिर पर मार दी और मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को बोरे में रखकर नाले में फेंक दिया। एसपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर मफलर, एक बोरा और आधी ईंट बरामद हुई है।