हरदोई। जिले में पंजीकृत कोचिंगों की जांच कराने के लिए चार टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने शनिवार से ही जांच अभियान भी शुरू कर दिया। चारों टीमें संयुक्त रिपोर्ट सोमवार शाम जिला विद्यालय निरीक्षक को देंगी। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि शनिवार को जिन कोचिंगों में भी जांच टीम गई वहां ताला ही लटका मिला।
यूं तो जिले में लगभग 500 कोचिंग और लाइब्रेरी संचालित हो रही हैं लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग में सिर्फ 59 कोचिंग ही पंजीकृत हैं। इन कोचिंगों में अग्नि सुरक्षा समेत अन्य मानकों की जांच करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने शासन के निर्देश पर चार टीमें बनाई हैं। राजकीय शिक्षकों की इन टीमों ने जांच भी शुरू कर दी लेकिन शनिवार को कहीं कोई जांच हो नहीं पाई। इसकी वजह यह है कि ज्यादातर कोचिंगों में लखनऊ अग्निकांड के बाद ताला पड़ा है।
इन बिंदुओं पर होगी जांच
. अग्नि सुरक्षा के इंतजाम।
. कोचिंग में आने-जाने का रास्ता।
. कोचिंग परिसर के भवन की स्थिति।
. भवन की वायरिंग की व्यवस्था।
एक भी डिजिटल लाइब्रेरी का नहीं है पंजीकरण
जनपद में लगभग 150 से ज्यादा डिजिटल लाइब्रेरी संचालित हैं। शहर में ही तीन लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित होती मिली थीं। खास बात यह है कि माध्यमिक शिक्षा विभाग में एक भी डिजिटल लाइब्रेरी का पंजीकरण नहीं है। ऐसे में यह भी नहीं पता चल पाता कि इनका संचालन कहां हो रहा है और इनमें अग्नि सुरक्षा समेत अन्य मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।
जांच रिपोर्ट आने के बाद मानकविहीन कोचिंगों का पंजीकरण निरस्त करने का नोटिस दिया जाएगा। व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए कुछ समय भी दिया जाएगा लेकिन व्यवस्थाएं पूरी होने तक कोचिंग का संचालन नहीं होगा। -डॉ. अरविंद पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक