हरदोई। परिषदीय विद्यालयों के एकल व बंद विद्यालयों में शिक्षकों को समायोजित किया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारी शुरू की गई है। इसके लिए ऐसे विद्यालयों का विवरण मांगा गया है।
परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर शिक्षकों की तैनाती होनी चाहिए। जिले में 3446 विद्यालयों में 10 हजार से अधिक शिक्षक व शिक्षामित्र तैनात हैं। इनमें से विद्यालयों में तैनाती का अनुपात काफी भिन्न है।
कहीं एक शिक्षक पर 500 बच्चे हैं, तो कहीं 145 विद्यार्थियों पर छह से सात शिक्षक तैनात हैं। इससे विद्यालयों में शिक्षण कार्य विधिवत नहीं हो पा रहा है। इसको देखते हुए विभाग की ओर से विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को जिले के अंदर समायोजित करने की कार्य योजना तैयार की जा रही है। इसमें एकल व शिक्षक विहीन विद्यालयों में शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा।
इसके लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से सभी बीएसए से विवरण मांगा गया। इसमें एकल व शिक्षक विहीन विद्यालयों की सूची और विद्यार्थियों की छात्र संख्या शामिल है।
विभाग नवीन शिक्षा सत्र में शिक्षक और विद्यार्थियों का अनुपात सही करने की कवायद करेगा। विभाग की ओर से तैयारी की जा रही है। चुनाव के उपरांत समायोजन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इस संबंध विभाग में पत्र आने के बाद शिक्षकों का विवरण तैयार करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से पत्र आया है। उसी के अनुसार विवरण तैयार कर भेजा जा रहा है। विभागीय उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की प्रकि्रया की जाएगी।
राकेश शुक्ला, जिला समन्वयक, प्रशिक्षण