हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत दिव्यांग बच्चों के लिए शिक्षकोें को उनकी भाषा व संकेतकों को सिखाया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से हर विद्यालय के एक शिक्षक को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
जिले में 3446 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। जिनमें 6230 दिव्यांग बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इन विद्यार्थियों के लिए संविदा पर 30 विशेषज्ञ शिक्षक तैनात हैं। वहीं, विभाग की ओर से प्रत्येक विद्यालय के एक शिक्षक को प्रशिक्षित करने का कार्य किया जा रहा है ताकि विद्यालय में पंजीकृत दिव्यांग विद्यार्थियों को नियमित शिक्षा प्रदान की जा सके।
विभाग की ओर से दृष्टि बाधित बच्चों के लिए शिक्षकाें को उनके विषय में और उनके शिक्षण कार्य के लिए ब्रेल लिपि की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा मूकबधिर बच्चों के संबंध में शिक्षकों को संकेत समझाए जा रहे हैं, ताकि विद्यालय में पंजीकृत मूकबधिर बच्चों की समस्या को समझ सकें और उसका निदान कर सकें।
इसके अलावा मानसिक दिव्यांग बच्चों के विषय में भी शिक्षकों को बारीकियां समझाई जा रही हैं। जिला समन्वयक आशा वर्मा ने बताया कि ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए सभी ब्लॉक के लिए समय सारणी निर्धारित की गई है।