हरपालपुर। बीआरसी पर चल रहे निष्ठा प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षु शिक्षकों को मेन्यू से इतर मनमाने ढंग से भोजन व नाश्ता दिए जाने का मामला अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को प्रशिक्षण में व्यवस्थाएं पटरी पर दिखाई दी। मंगलवार के शिक्षकों को भोजन में पूड़ी सब्जी की जगह मटर पनीर व मिक्स वेज के साथ रोटी एवं चावल परोसे गए।
बीआरसी पर इन दिनों शिक्षकों के लिए निष्ठा विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षकों के लिए सुबह और शाम के नाश्ते के साथ ही दोपहर का भोजन दिए जाने की व्यवस्था है। इसके लिए पूर्व में दिवसवार मेन्यू निर्धारित कर दिया गया था। मेन्यू निर्धारित होने के बाद भी प्रशिक्षुओं को पनीर की सब्जी समेत अन्य चीजों से इतर दोपहर के भोजन में चार दिन से केवल पूड़ी व आलू की सब्जी परोसी जा रही थी।
अमर उजाला ने निर्धारित मेन्यू से इतर भोजन व नाश्ता दिए जाने संबंधी पूरे मामले की खबर मंगलवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद बुुधवार को व्यवस्था सही नजर आई। मंगलवार को शिक्षकों को दोपहर के खाने में मटर पनीर की सब्जी, दाल व मिक्स वेज के साथ रोटी एवं चावल परोसे गए। शिक्षकों ने व्यवस्था बदलने पर संतोष जताया।
हालांकि शिक्षकों का कहना है कि खाने में मोटा चावल दिया गया है, जबकि मेन्यू में जीरा राइस दिए जाने का उल्लेख था। उत्तर प्रदेश शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आलोक मिश्रा ने बताया कि व्यवस्थाओं में कुछ हद तक सुधार हुआ है, हालांकि मंगलवार को मेन्यू को पूरी तरह से फॉलो नहीं किया गया है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी सोमनाथ विश्वकर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण में शिक्षकों को मेन्यू के मुताबिक भोजन दिया जा रहा। कुछ लोगों द्वारा छवि बिगाडने के लिए ऐसा किया गया है।