हरदोई। टास्क फोर्स समिति में शामिल जिला स्तरीय अधिकारी प्रत्येक माह 5-5 विद्यालयों का निरीक्षण कर आख्या दें व खंड शिक्षाधिकारियों द्वारा कब-कब बैठकें हुईं उनका पूरा डाटा सीडीओ व उन्हें उपलब्ध कराया जाए। मध्याह्न भोजन योजना के तहत जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने उक्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बीएसए को निर्देश दिए कि विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत ब्लैक बोर्ड प्राथमिकता पर ठीक कराएं व जिन विद्यालयों में शौचालय क्रियाशील नहीं हैं उन्हें तत्काल क्रियाशील कराना सुनिश्चित करें। विद्यालय में मिड-डे मील गैस पर बनवाया जाए। रसोइयों को खाना बनाते एवं बच्चों को खिलाते समय दास्ताने एवं हेड विग अनिवार्य रूप से लगाने के लिए निर्देशित करें। एमडीएम का समस्त अभिलेखों का समुचित रख-रखाव किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त विद्यालयों के अध्यापकों एवं बच्चों को प्रेरणा ऐप पर डाउनलोड कराने, शिक्षा मित्रों एवं अनुदेशकों का प्रेरणा ऐप पर पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। प्रेरणा ऐप के माध्यम से समिति के सदस्यों आदि द्वारा निरीक्षण कराने को भी निर्देशित किया। कहा कि विद्यालयों में बच्चों को खेलने के लिए नियमित खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए। मिड-डे मील की सामग्री एयर टाइट डिब्बों में रखी जाए। ब्रांडेड मसालों व तेल आदि का प्रयोग किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें और अपने क्षेत्र के विद्यालयों में शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं बच्चों को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में जिस विद्यालय में निर्धारित सुविधाएं नहीं पाई जाएंगी, उस क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी निधि गुप्ता वत्स, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी आदि उपस्थित रहे।