हरदोई जिले में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के कैखाई गांव में तांत्रिक ने झाड़फूंक के बहाने महिला की लोहे की जंजीरों से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, विवाहिता के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम नोनखारा निवासी खुशबू (25) की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पहले हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कैखाई निवासी पूरन के साथ हुई थी। पिछले कुछ समय से खुशबू की तबीयत ठीक नहीं थी। ससुरालीजन 26 जून को उसे लेकर गांव में ही एक तांत्रिक के पास गए थे।
तांत्रिक ने प्रेत का साया होने की बात कहकर लोहे की जंजीरों से खुशबू की जमकर पिटाई कर दी। वापस घर आने पर खुशबू की हालत बिगड़ गई, जानकारी होने पर खुशबू की मां सुमन अन्य परिजनों के साथ ससुराल पहुंच गई। सुमन के मुताबिक खुशबू उसे अर्द्धनग्न अवस्था में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली।
रविवार को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार की देर रात खुशबू ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। सुमन का आरोप है कि दहेज में बाइक, सोने की चेन और पचास हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने झांड़ फूंक के बहाने तांत्रिक के साथ मिलकर खुशबू की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी कपिल देव सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में कोई शिकायत या तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि किसी ओझा या तांत्रिक ने पिटाई नहीं की है।