वर्कशॉप में कुछ इस तरह जले ट्रांसफार्मर ।
- फोटो : अमर उजाला
आतिशबाजी की चिंगारी से ट्रांसफार्मर वर्कशॉप में आग लग गई। इसमें ट्रांसफार्मर का स्क्रैब (एल्युमीनियम तार) और ऑयल जलने लगा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
गुरुवार रात साढ़े दस बजे सांडी रोड स्थित ट्रांसफार्मर वर्कशॉप में आग लगने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग न बुझने पर एक दमकल टीम संडीला और एक बिलग्राम से बुलाई गई। करीब एक घंटे बाद दोनों गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने चार घंटे में आग पर काबू पाया। जेई वर्कशॉप केएल श्रीवास्तव ने बताया कि रॉकेट की चिंगारी से आग लगने की आशंका है। करीब पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ है। लखनऊ जोन कार्यशाला के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर पंकज अग्रवाल और उप खंड अधिकारी सीतापुर रामगोपाल ने शुक्रवार सुबह नुकसान का जायजा लिया।